श्रावस्ती। त्योहारों का दौर शुरू हो चुका है। नवरात्र और दशहरा के बाद अब करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली गोवर्धन पूजा सहित अन्य त्योहारों की धूम रहेगी। इसके लिए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें टीकाकरण के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है।
जारी एडवाइजरी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव ने कहा है कि जिले में कोविड स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लेकिन त्योहार के सीजन में बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ी है। ऐसे में हमारी लापरवाही कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने में सहायक होगी। इसलिए हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि त्योहार के सीजन में भी कोरोना की स्थिति नियंत्रण में रहे और इसको लेकर हम सभी को जागरूक रहना होगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों को धूमधाम से मनाने के अति उत्साह में हमें कोरोना वैक्सीनेशन को लेेकर सजग रहने की जरूरत है। हमें अपने निर्धारित समय पर आवश्यकतानुसार वैक्सीन की पहली अथवा दूसरी डोज लगवानी चाहिए। इसमें लापरवाही नहीं करनी चाहिए। बहुत जरूरी होने पर ही बाजार और भीड़भाड़ वाली दूसरी जगहों पर जाना चाहिए।
ऐसे में मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हमें कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत है। हम समय पर कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा लें। इसके अलावा आवश्यकतानुसार और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही यात्रा करें और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं। मास्क से अपने मुंह और नाक को अच्छी तरह से ढक कर रखें, बाहर की कोई भी चीज छूने से के बाद अपने हाथों को सैनिटाइज करें। बाहर से घर आने पर भी अपने हाथों को साबुन-पानी अथवा सैनिटाइजर से अच्छी तरह से धुलें।