श्रावस्ती। किसान खेतों को तैयार कर गेहूं, सरसों व मसूर की बोआई की तैयारी कर रहा है। ऐसे में डीएपी की मांग काफी बढ़ गई है। पर्याप्त स्टाक होने के बावजूद दुकानदार डीएपी की ओवर रेटिंग कर रहे हैं। दुकानदार कहीं प्रति बोरी डीएपी 50 से 100 रुपए महंगा दे रहे हैं। तो कहीं बिना गेहूं बीज के डीएपी देने को तैयार नहीं हैं।
बेमौसम हुई बरसात में धान की फसल खराब हो जाने के कारण किसान पहले से परेशान हैं। वहीं हड़ताल के कारण किसान अभी तक धान क्रय केंद्रों पर अपनी उपज नहीं बेच सका है। नवंबर माह का पहला पखवारा बीत चुका है। ऐसे में किसान खेतों को तैयार कर उसमें गेहूं, सरसों, चना, मटर व मसूर आदि की फसल लगाने के लिए उतावला है। साधन सहकारी समितियों पर हड़ताल के कारण जहां डीएपी मिलना टेढ़ी खीर बनी हुई है। ऐसे में किसानों को निजी दुकानों का ही सहारा है। जहां दुकानदार किसानों की मजबूरी का फायदा उठाने में जुटे हुए हैं।
एक तरफ जहां दुकानदार डीएपी के निर्धारित मूल्य 1220 रुपये प्रति बोरी के स्थान पर 1300 रुपये तक वसूल रहे हैं। वहीं किसानों को बिना गेहूं का बीज लिए डीएपी देने को तैयार नहीं हैं। भिनगा नगर में ही प्रति बोरी तीस रुपये अतिरिक्त वसूल किया जा रहा है। वहीं सिरसिया के गुलरा में उर्वरक विक्रेता बगैर गेहूं बीज के डीएपी देने से किसानों को मना कर रहे हैं। यही स्थिति जमुनहा व सिरसिया सहित गिलौला व इकौना क्षेत्र की भी है। जहां किसानों से प्रति बोरी 50 से 100 रुपये अधिक वसूल किया जा रहा है। जिससे किसान परेशान हैं।
शिकायत पर तत्काल होगी कार्रवाई
जिले में डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिसे निर्धारित मूल्य पर बेचने का निर्देश दिया गया है। कहीं ओवर रेटिंग न हो। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा तीन टीमों का गठन किया गया है। उप कृषि निदेशक कमल कटियार के नेतृत्व में टीम द्वारा भिनगा तहसील क्षेत्र के 11 स्थानों पर बीज दुकानों में छापा मारकर छह नमूने लिए गए हैं। जबकि एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मैंने इकौना तहसील क्षेत्र की 20 दुकानों पर छापा मारकर 18 नमूने लिए। जबकि दो को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। वहीं जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने 12 दुकानों पर छापा मारकर 8 नमूने लिए। जबकि तीन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यदि कहीं भी ओवर रेटिंग हो रही है तो किसान शिकायत करें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. अवधेश कुमार यादव जिला कृषि अधिकारी