श्रावस्ती। सिरसिया विकास क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर बाजार में क्षेत्र पंचायत द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। लक्ष्मनपुर बाजार में चल रहे इस नाली निर्माण के कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है। इससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्ष्मनपुर बाजार में चल रहे नाली निर्माण कार्य में ठेकेदार के द्वारा मानकों की अनदेखी किया जा रहा है। नाली निर्माण में ज्यादा बालू ही प्रयोग किया जा रहा है। ऐसे में यह नाला एक वर्ष से ज्यादा नहीं टिक पाएगी।
लक्ष्मनपुर बाजार के निवासी शकील अहमद, ननके, उमेश कुमार, इबरार अहमद व वजीर सहित अन्य ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर मानक विहीन हो रहे इस निर्माण कार्य का विरोध किया। यहां मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि सिरसिया ब्लाक प्रमुख अमित कुमार सिंह के द्वारा गांव में नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। नाली निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। घटिया मसाले व ईंट से हो रहे नाली निर्माण कार्य से सिर्फ सरकारी धन का ही दुरुपयोग होगा, जबकि ग्रामीणों को इसके निर्माण का कोई लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में नाराज ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मानक के अुनुरूप नाली का निर्माण कराने की मांग किया है।