श्रावस्ती। विधान सभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद अब नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में इसी साल होने वाले चुनाव की सरगर्मी शुरू हो गयी है। इसके चलते ही निकाय चुनाव की जंग में हिस्सेदारी करने को चुनावी बिसात बिछने लगी है। चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक लोग प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के कार्यालय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों की गणेश परिक्रमा में जुटने लगे हैं। इस दौरान अपना जोर दिखाने के लिए सोशल मीडिया के साथ ही वॉल पेंटिंग व पोस्टरवार की लड़ाई में भी संभावित दावेदार जुटे दिखने लगे हैं।
जिले की दोनों नगर निकायों भिनगा व इकौना का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है। ऐसे में मौजूदा अध्यक्ष व सभासद अपनी जमीन बचाए रखने के लिए विधान सभा का चुनाव खत्म होने के साथ ही गली मोहल्लों की खाक छानने में जुटने लगे हैं। निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने चुनावी वैतरणी पार करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से चुनाव लड़े पार्टी प्रत्याशियों सहित पार्टी कार्यालयों एवं पदाधिकारियों की गणेश परिक्रमा में जुट गए है ताकि समय आने पर अपनी दावेदारी मजबूत तरह से पेश कर सके। इसके लिए कुछ उत्साही दावेदारों ने तो निकायों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए प्रचार प्रसार के लिए सोशल मीडिया के साथ ही वॉल राइटिंग, पोस्टर से प्रचार प्रसार का दौर भी शुरू कर दिया है।