श्रावस्ती। जिले में मतों की गणना 10 मार्च को कराई जाएगी, इसके लिए कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल को चिह्नित किया गया है। जहां भिनगा व श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना होगी। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक के दौरान मतगणना व्यवस्था कार्य में लगे सभी अधिकारियों को डीएम ने सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश ने मतगणना व्यवस्था कार्य में लगे सभी अधिकारियों को मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं प्रारंभ करने का निर्देश दिया। बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 289 भिनगा व 290 श्रावस्ती की मतगणना के लिए तथागत हाल को मतगणना स्थल बनाया गया है। जहां 10 मार्च को सुबह 8 बजे से मतगणना कराई जाएगी।
289 भिनगा विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना हाल नंबर एक में टेबल संख्या 01 से 07 तक होगी। जबकि हाल संख्या दो में टेबल संख्या 08 से 14 तक में कराई जाएगी। वहीं 290-श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना टेबुल संख्या-01 से 07 तक हाल नंबर 3 में तथा टेबुल संख्या-08 से 14 तक हाल नम्बर 4 में होगी। (संवाद)