श्रावस्ती। बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र का निर्धारण भी पा्ररभ हो गया है। इस वर्ष हाईस्कूल में करीब 700 व इंटर में करीब 750 अभ्यर्थी ज्यादा बैठेंगे।
कोविड के कारण वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाया था। इसके चलते सभी अभ्यर्थियों को औसत अंक मिला। लेकिन इस बार बोर्ड परीक्षा का आयोजन होना है। लेकिन यह पहला अवसर है जब बोर्ड परीक्षा के प्रतिभागियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। कुल लगभग 1450 अभ्यर्थी बढ़े है। इनमें हाईस्कूल के 700 व इंटर के 750 है। इन अभ्यर्थियों की परीक्षा लेने के लिए जिले में तैयारी चल रही है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो जाएगा।
परीक्षा केंद्रों का निर्धारण साफ्टवेयर ऑनलाइन करेगा। इसके लिए विद्यालयों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर अंक देने के साथ राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों की अलग-अलग मेरिट तैयार की जाएगी। पिछले वर्ष परीक्षा केंद्र होने पर 20 अंक, 2020 में हाईस्कूल का रिजल्ट 90 फीसदी से अधिक होने पर 20 अंक और इंटरमीडिएट का रिजल्ट 90 फीसदी से अधिक होने पर 20 अंक अर्थात कुल मिलाकर 60 अंक मिल जाएंगे। जिन विद्यालयों की धारण क्षमता एक पाली में 150 से कम होगी, उन्हें परीक्षा केंद्र नही बनाया जाएगा।
27 नवंबर तक सभी प्रधानाचार्य विद्यालय की आधारभूत सूचनाएं, सुविधाएं परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे, इसी दिन संशोधन भी कर सकते है। 02 दिसंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा गठित समिति द्वारा विद्यालयों के मध्य दूरी विद्यालय परियसर से जियो लोकेशन के माध्यम से भेजी जाएगी। नौ दिसंबर तक सूचनाओं का भौतिक सत्यापन जिला समिति करेगी। 15 दिसंबर तक जिला समिति के भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। 22 दिसंबर तक सूचना और रिपोर्ट के आधार पर केंद्रों का आनलाइन चयन कर जिला समिति के निरीक्षण के लिए वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
27 दिसंबर तक चयनित केंद्रों पर आपत्तियां व शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। 03 जनवरी 2022 तक जिला विद्यालय निरीक्षक को आपत्तियों का परीक्षण व निस्तारण कर जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। 09 जनवरी तक आपत्तियों व परीक्षण की रिपोर्ट की जांच डीएम व उनकी कमेटी करेगी और अपनी सहमति देगी। 15 जनवरी तक छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक के प्रत्यावेदन व आपत्तियों के निराकरण के बाद भी कोई आपत्ति हो तो ली जाएगी। 24 जनवरी तक जिला समिति के अनुमोदन पर केंद्र निर्धारण समिति ई मेल आईडी पर निर्धारित तिथि तक आपत्तियों का परीक्षण व निराकरण कर अंतिम सूची वेबसाइट पर जारी कर देगी।
परीक्षा सत्र कुल परीक्षार्थी हाईस्कूल इंटरमीडिएट केंद्र
2021-22 17657 10200 7457 प्रस्तावित
2020-21 16218 9417 6801 26
2019-20 16743 9481 7262 29
2018-19 19106 10931 8175 34
2017-18 21672 12379 9293 34
2016-17 20375 11571 8804 47