जमुनहा (श्रावस्ती)। कछार में विगत दिनों हुई बरसात व राप्ती के बढ़े जलस्तर के कारण कच्चे मकान की दीवारें गिर रही हैं। गुरुवार को इंदवा गांव में ईंट व मिट्टी के गारे से बनी दीवर ढहने से एक अधेड़ महिला व दो बच्चे उसके नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से मलवा हटा कर तीनों को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र मल्हीपुर के ग्राम टिकुइया के मजरा इंदवा निवासिनी शबाना बेगम (55) घर के सामने बैठ कर चाय पी रही थी। उसके साथ पुत्री आसरा खातून (15) व पौत्री रुमाइशा (1) भी मौजूद बैठी थीं। इसी बीच अचानक ईंट व मिट्टी के गारे से बनी दीवर ढह गई जिससे तीनों उसके नीचे दब गए। यह देख मौके पर मौजूद परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला व सीएचसी मल्हीपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने शबाना बेगम को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल आसरा खातून व रुमाइशा का इलाज चल रहा है।
सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल संजीव कुमार ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। वहीं परिवारीजनों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। इसके चलते अंतिम संस्कार के लिए शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया।