गिलौला (श्रावस्ती)। सीएचसी गिलौला मे प्रसव के डेढ़ घंटे बाद एक नवजात की मौत हो गई। मामले में पीड़ित पिता ने प्रसव कक्ष में ड्यूटी पर तैनात स्टाप नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम व सीएमओ सहित गिलौला पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी टीके शिबु, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एपी भार्गव सहित गिलौला पुलिस को दिए शिकायती पत्र में दंदौली गांव निवासी सूबेदार गौतम ने आरोप लगाया है कि वह अपनी पत्नी कमलावती का सुरक्षित प्रसव कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला लाया था। जहां उसकी पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद ड्यूटी पर तैनात स्टाप नर्स ने कहाकि बच्चे की हालत ठीक नहीं है। इसलिए बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल ले जाओ। स्टाफ नर्स द्वारा बच्चे को दिया जा रहा आक्सीजन निकाल दिया गया। जब तक वाहन की व्यवस्था होती। नवजात शिशु ने दम तोड़ दिया।
पीड़ित ने स्टाफ नर्स की लापरवाही से नवजात की मौत होने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला के अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि शिकायत के बाद मेडिकल टीम का गठन किया गया है। शनिवार तक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई होगी।