श्रावस्ती। मंडल में संचालित विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं कोविड प्रबंधन की मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंडल में कोविड प्रबंधन कार्य की सराहना की। साथ ही ऑक्सीजन प्लांट के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश भी दिए जिससे सभी संचालित प्लांट ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति करते रहें।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को सतर्क एवं चौकस रहना होगा। संपर्कों की ट्रेसिंग में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। विभिन्न स्तरों पर गठित निगरानी समितियों को क्रियाशील रखा जाए। कोविड संक्रमण की रोकथाम में अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित भी किया जाए। पांच अगस्त को आयोजित होने वाले देश व्यापी अन्न उत्सव कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर सफल आयोजन कराएं। उन्होंने कहा कि अन्न उत्सव के लिए प्रत्येक उचित दर दुकान हेतु नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी पात्रों को मानक के अनुसार खाद्यान्न का वितरण कराया जाए।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने वितरण कार्य की वीडियोग्राफी भी कराने को कह। सीएम ने कहा कि अन्न उत्सव के दौरान कोरोना के सुरक्षात्मक प्रोटोकॉल का अनुपालन भी कराया जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक बलरामपुर को निर्देश दिया गया कि शराब के अवैध निर्माण, संचरण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाएं। इनमें संलिप्त व्यक्तियों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। सीमावर्ती जिला होने के कारण पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, वनों का अवैध कटान व अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। हर घर-नल योजना की डीएम व सीडीओ साप्ताहिक समीक्षा करें। साथ ही इसे धरातल पर कार्यान्वित किया जाए। सीएम ने कहा कि 15 अगस्त पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्यता एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। मंडल में विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए स्थानीय फॉल्ट समय से दुरुस्त करने के साथ-साथ निर्धारित अवधि में खराब ट्रांसफॉर्मर बदले जाएं।
उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि आयुक्त एवं जिलाधिकारी इसकी नियमित समीक्षा करें। गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि गन्ना मूल्य भुगतान की नियमित समीक्षा करते रहें तथा यह सुनिश्चित करें कि समय से किसानों को गन्ना बकाये का भुगतान हो। गो संरक्षण केंद्रों में संरक्षित पशुओं को चारे पानी इत्यादि की किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। डीएम व सीडीओ को गो संरक्षण केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करने का भी निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक गो संरक्षण केंद्र के लिए पशु चिकित्साधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करने को कहा। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से सभी अर्ह व्यक्तियों को आच्छादित करने के साथ ही विकासपरक योजनाओं को निर्धारित मानक व गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्य को भी समय से पूर्ण कराकर उन्हें जनता के उपयोग में लाने को कहा। अगले माह से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के बारे में भी आवश्यक निर्देश देते हुए आयुष्मान गोल्डेन कार्ड की प्रगति में सुधार लाने को कहा। पर्यटन संवर्द्धन योजना की नियमित समीक्षा कर आवश्यकतानुसार जिले में लागू कराने का निर्देश दिया। जन समस्याओं का त्वरित, समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराने, विभिन्न स्तरों से प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक का संचालन प्रभारी आयुक्त/जिलाधिकारी गोंडा मारकण्डेय शाही ने किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, प्रभारी मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अखिल कुमार, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा व विधायक रामफेरन पांडे सहित मंडल के अन्य जिलों के विधायक व जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
इसे अलावा डीएम टीके शिबु, बहराइच के डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, बलरामपुर की डीएम श्रुति, पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती अरविंद कुमार मौर्य, बहराइच की एसपी सुजाता सिंह, गोंडा के एसपी एसके मिश्रा व बलरामपुर के एसपी हेमंत कुटियाल के अलावा सीडीओ ईशान प्रताप सिंह सहित मंडल के सभी सीडीओ व विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही सरकार द्वारा सबका साथ सबका विकास के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।