श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में रविवार को एसपी ने मातहतों के साथ बैठक की। उन्होंने थाना व चौकी प्रभारियों को क्षेत्र के ईनामी व शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कही। पुलस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि ज्यादातर अपराध नशे की हालत में होते हैं। ऐसे में कच्ची शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाएं। सीमा पार से मादक पदार्थों व दवाओं की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मुखबिरों का सहारा लें।
जिले में चोरी व लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पैदल व रात की गश्त को बढ़ाया जाए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान असामाजिक व समाज विरोधी तत्वों के बारे में जानकारी भी लें। शातिर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा व गैगस्टर एक्ट में कार्रवाई करे। बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित जांच की जाए। सांप्रदायिक भावना भड़काने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें, साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी रखें। उन्होंने मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व अतिक्रमण हटाने के लिए थाना प्रभारी सहित यातायात प्रभारी को निर्देश दिया।
बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने, भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में राजस्व टीम के साथ मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर निस्तारण करने, बीट प्रणाली को मजबूत करने, इंडो नेपाल सीमा सुरक्षा के लिए एसएसबी के साथ मिलकर गतिविधियों पर नजर रखनें का निर्देश दिया। एएसपी केसी गोस्वामी, सीओ सिटी अतुल चौबे, इकौना एमपी शर्मा, डा. देवेंद्र कुमार, आरआई विनोद कुमार सिंह सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।