श्रावस्ती। 28 करोड़ की भारी भरकम धनराशि से शहर को साफ व सुंदर बनाया जाएगा। सोमवार को आयोजित हुई नगर पालिका परिषद भिनगा की पहली बैठक इस कार्य योजना से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके पहले चरण में नगर के चौराहों, पार्कों व तालाबों का जीर्णोद्धार कर उनका सौंदर्यीकरण कार्य होगा। बैठक में सांसद राम शिरोमणि वर्मा, विधायक भिनगा इंद्राणी वर्मा व एमएलसी पदमसेन चौधरी विशेषतौर पर मौजूद रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष इरफान की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की पहली बैठक में हुई चर्चा के बाद सर्वसम्मति के आधार पर 28 करोड़ की लागत से होने वाले कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। चेयरमैन इरफान ने बताया कि बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की परेशानी से निपटने के लिए बरसात से पहले ही नालों की सफाई का आदेश पहले ही दिया जा चुका है।
मौजूद विधायक भिनगा ने वार्डों में विद्युत लाइन को भूमिगत बनाने का मशवरा दिया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा डा. अनीता शुक्ला सहित सभी सभासद व नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।