थानाभवन (शामली)। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बड़ौत निवासी युवक पर कोर्ट मैरिज के फर्जी कागज दिखाकर और बदनाम करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस से शिकायत करने पर भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उसने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपने बच्चों के साथ गांव से पलायन कर लेगी।
पीड़िता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के साथ सहयोगी के रूप में रहने वाले बड़ौत निवासी युवक उनके घर पर शौचालय बनवाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि कागज ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर कोर्ट मैरिज के फर्जी कागज तैयार करा लिए। उसे बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी देते हुए नौ अगस्त को डायल 112 पर शिकायत की। पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि अभी भी आरोपी रात को जबरन घर में घुसकर यौन शोषण कर रहा है। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।