कैराना में हाईवे का काम रोके जाने के बाद मौके पहुंचकर वार्ता करते एसडीएम संदीप कुमार।
- फोटो : SHAMLI
शामली, कैराना। हाईवे की जद में आई भूमि का कम मुआवजा देने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने कैराना बाईपास पर चल रहे हाईवे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। एसडीएम ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और कार्य शुरू कराया।
पानीपत के सिवाह से नगीना तक एनएच 709 एडी का कार्य जीआर इंफ्रा कंपनी कर रही है। कैराना में हाईवे बाईपास से निकाला जा रहा है। कैराना बाईपास पर झिंझाना रोड से पानीपत की साइड कुछ लोगों ने अधिक भूमि हाईवे में लेने व कम मुआवजा देने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी। बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने कैराना बाईपास पर पहुंचकर कम मुआवजा देने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। एसडीएम संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और काम में बाधा डाल रहे लोगों से बात की। इस दौरान केवल दो ही लोग मुस्तकीम व नईम मौके पर मिले। मुस्तकीम का होटल व नईम का वेल्डिंग का काम था। दोनों की भूमि हाईवे में चली गई। एसडीएम ने बताया कि दोनों को बताया गया कि उन्हें मुआवजा दे दिया गया है। अगर मुआवजा कम लगता है, तो डीएम कोर्ट में शिकायत करें। इसके बाद हाईवे का काम दोबारा शुरू करा दिया गया।