चाहे प्रॉपर्टी बेचकर करो किसानों का भुगतान
शामली। डीएम जसजीत कौर ने चीनी मिलों के अफसरों से कहा कि चाहे प्रापर्टी बेचो, कुछ भी जतन करो, किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान शत प्रतिशत होना चाहिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर बैठक हुई। उन्होंने देय गन्ना भुगतान की स्थिति की मिलवार समीक्षा की। डीसीओ विजय बहादुुुर सिंह ने भुगतान की स्थित से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शामली चीनी मिल द्वारा 338.54 करोड़ के सापेक्ष 223.19 करोड का भुगतान किया है। ऊन चीनी मिल द्वारा 337.22 करोड के सापेक्ष 201.17 करोड़ रुपये, थानाभवन मिल द्वारा 490.82 करोड़ के सापेक्ष 280.59 करोड़ का भुगतान किया है। डीएम जसजीत कौर ने भुगतान की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चाहे प्रॉपर्टी बेचो, कुछ भी जतन करो, किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान 100 फीसदी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेराई सत्र 2019-20 का भुगतान पूर्ण कराने को लेकर चीनी मिल थानाभवन को प्रत्येक माह 50 करोड़ रुपये एवं चीनी मिल शामली को प्रत्येक माह लगभग 40 करोड़ रुपये का भुगतान करने के निर्देश दिए थे, परंतु गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया जा रहा है। मिल अधिकारियों ने अक्तूबर में थानाभवन मिल ने 45 करोड़, शामली ने 35 करोड़ और ऊन मिल ने 30 करोड़ एवं नवंबर में 50 करोड़ का भुगतान करने की बात कही गई।
बैठक में डीसीओ विजय बहादुर सिंह, शामली मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया, थानाभवन मिल गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर, एकाउंट हैड सुभाष बहुगुणा, ऊन मिल से गन्ना महा प्रबंधक अनिल कुमार अहलावत, गन्ना हैड विक्रम आदि मौजूद रहे।