शामली। शहर के बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर दिल्ली से शामली आ रही ट्रेन के सामने कूदकर 25 वर्षीय कैराना निवासी विकास ने आत्महत्या की कोशिश की। आरपीएफ ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। बताया गया है कि पत्नी के मायके से न आने से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्महत्या की कोशिश की। इस दौरान मौके पर ट्रेन सात मिनट तक खड़ी रही।
सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे दिल्ली से चलकर शामली आने वाली ट्रेन आउटर से आगे पहुंची तो उसी समय युवक चलती ट्रेन के आगे कूद गया।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की दायीं तरफ की आंख, एक हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए और सिर में भी गंभीर चोट लगी। सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की सूचना पर परिजन व पत्नी भी अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सकों ने घायल को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया।
आरपीएफ के मुताबिक घायल युवक ने अपना नाम विकास निवासी मोहल्ला आलदरमियान कैराना बताया। मौके पर आसपास के लोगों ने बताया कि युवक बाइक पर आया था। उसने बाइक को खड़ी किया और चलती ट्रेन के आगे कूद गया।
परिजनों ने बताया कि घायल युवक हरियाणा के जिला पानीपत के बापौली में स्थित फैक्टरी में काम करता है। वह सुबह घर से फैक्टरी जाने के लिए निकला था। शामली कैसे पहुंचा यह पता नहीं चल पाया। उसकी पत्नी तीन दिन पहले मायके गई थी। हादसे से पहले उसने फोन पर पत्नी से बात कर घर आने के लिए कहा था, लेकिन उसने एक दो दिन में आने के लिए कहा था।
माना जा रहा है कि इसी से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि परिजनों का कहना है कि परिवार में या पत्नी के साथ किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। आरपीएफ का कहना है कि युवक की हालत गंभीर होने के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। परिजनों की तरफ से थाने पर अभी तक किसी तरह की कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है।