शामली। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने शामली में अधिकारियों के साथ बैठक करके गेहूं क्रय केंद्रों और उन पर किसानों की सुविधा के लिए होने वाली व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का आदेश दिया। इस बार जिले में गेहूं खरीद के लिए 21 केंद्र खोले जाएंगे।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीटिंग के दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक सहारनपुर मंडल प्रकाश मिश्रा ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2016-17 के तहत एक अप्रैल से गेहूं की खरीददारी शुरू कराई जाएगी। प्रदेश सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 1525 रु. प्रति क्विंटल घोषित किया है।
शासन की क्रय नीति के अनुसार गेहूं क्रय व्यवस्था क्रय केन्द्रों पर किसानों की जानकारी के लिये बैनर और फ्लैक्सी लगाए जाएंगे। खरीद केन्द्र पर निर्धारित लक्ष्य से अधिक गेहूं खरीद करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को पुरस्कार दिया जाएगा तथा किसी प्रकार की लापरवाही करने वाले को दंडित भी किया जाएगा।
उन्होंने समस्त मंडी सचिव, क्रय केंद्रों के प्रभारियों को निर्देश दिया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर छलनी, इलेक्ट्रानिक कांटे आदि सभी सुविधाओं की व्यवस्थाएं एवं खरीद संबंधी संशोधन समय से उपलब्ध कराए जाएं।
एसडीएम रामअवतार गुप्ता ने कहा कि शासन के मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत कृषकों से सीधे गेहूं खरीद किये जाने एवं क्रय योजनाओं का किसानों को भरपूर लाभ दिए जाने के उद्देश्य से जनपद में खाद्य विभाग के 4 क्रय केंद्र, पीसीएफ के 16 और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का एक क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद की जाएगी।
डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर जिला खाद्य अधिकारी के पर्यवेक्षण में तथा संभाग स्तर पर संभागीय खाद्य नियंत्रक के पर्यवेक्षण में खरीद प्रकोष्ठ की स्थापना की जाएगी। जिसमें एजेंसियों द्वारा खरीदे गए गेहूं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बलबीर सिंह जिला प्रबंधक पीसीएफ ने बताया कि गेहूं क्रय केन्द्रों पर क्रय किए गए गेहूं की प्रति बोरा 50 किग्रा की स्टैंडर्ड भराई की जाएगी। बोरों की सिलाई भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार मशीन से होगी।
कृषकों की सुविधा की दृष्टि से गेहूं क्रय केन्द्रों पर गेहूं का समर्थन मूल्य 1525 रुपये पंजीकृृत का टोल फ्री नंबर 18001800150 तथा क्रय केन्द्र प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर, गेहूं खरीद की गुणवत्ता का मानक, संबंधित बैंक का नाम जहां से किसानों का भुगतान होना है, उतराई व सफाई की दर बैनर पर प्रदर्शित की जाएगी। सुरेंद्र सिंह प्रतिनिधि सहायक निबंधक कोआपरेटिव, विजय राज सिंह क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, कुलदीप सैनी सचिव मंडी समिति शामली, नवाब सिंह, प्रदीप क्षेत्रीय अधिकारी थानाभवन आदि रहे।