कैराना यमुना नदी का बढता जलस्तर
- फोटो : SHAMLI
कैराना। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश से यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ गया। रविवार को जलस्तर 229 मीटर पर पहुंच गया जो खतरे के निशान से एक मीटर नीचे है। हालांकि शाम को यमुना में पानी का दबाव कम हो गया। माना जा रहा है कि यदि ताजेवाला से पानी नहीं छोड़ा गया तो सोमवार को जलस्तर कम हो जाएगा।
शनिवार की सुबह यमुना का जल स्तर 228.8 मीटर था। शाम तक जलस्तर घटकर 228.5 मीटर पर आ गया था, लेकिन मैदानी और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते रविवार सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर बढ़कर चेतावनी बिंदु 230 मीटर से एक मीटर कम 229 मीटर पर आ गया था। रविवार शाम तक यमुना 229 मीटर पर ही बह रही थी।
वहीं हथनीकुंड बैराज से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को यमुना में केवल 352 क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा था। यदि बैराज से अधिक पानी नहीं छोड़ा गया तो संभवत: सोमवार को यमुना का जलस्तर नीचे आ सकता है।
उधर बाढ़ नियंत्रण विभाग ने यमुना पुल के आसपास गहराई वाले स्थान पर संकेतांक बोर्ड भी लगवा दिए हैं, ताकि लोगों को पता रहे कि यहां गहरा पानी है। एसडीएम ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से कहा गया है कि वह यमुना में अधिक पानी छोड़े जाने से पहले ही इसकी पूरी सूचना प्रशासन को दें और जनसामान्य को भी इसकी पूर्व सूचना दी जाए।