बिडौली स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के बाहर प्रदर्शन करते लोग । संवाद
- फोटो : credit
चौसाना (शामली)। बिडौली स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में सोमवार को रुपये न मिलने के कारण कमालपुर गांव के ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों ने बैंक का शटर बंद कर स्टाफ को 1 घंटे तक अंदर ही बंधक बनाया और बैंक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
कमालपुर निवासी पवन और अमित ने बताया कि उनके परिजन गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती हैं और इमरजेंसी में पैसों की जरूरत थी। सुबह से लाइन में खड़ा कर बार-बार 15 मिनट, आधा घंटा और एक घंटे तक इंतजार कराया गया, लेकिन दोपहर तक कैश उपलब्ध नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने से यही स्थिति बनी रहती है। रोजाना दोपहर दो बजे के बाद आने को कहा जाता है, कैश वैन देर से आती है और सीमित नकदी देकर अगली बार आने को कहा जाता है। ग्रामीणों ने बैंक स्टाफ पर अभद्रता, केवाईसी कार्यों में अनदेखी और पासबुक एंट्री न करने का भी आरोप लगाया। वे पहले भी मैनेजर और स्टाफ की लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बाद में गणमान्य लोगों की समझाइश पर ग्रामीण शांत हुए। शाखा प्रबंधक अंकुर पारिक ने बताया कि यह शाखा अधिक कैश डिमांड वाली है और सोमवार को नकदी जल्दी समाप्त हो गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नकदी की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।