जलालाबाद। पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से जुड़े दो करोड़ रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में पचास से अधिक खाताधारकों को अब तक रकम वापस नहीं मिली है। बार-बार आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं होने से नाराज पीड़ित बुधवार को अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे। पीड़ितों के अनुसार बैंक मित्र अंकुर सैनी पर उनकी रकम लेकर खातों में जमा नहीं करने का आरोप है। मामले में प्राथमिकी दर्ज है। पूर्व में बैंक अधिकारियों ने जांच में सही पाए गए मामलों में 10 अक्तूबर तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ।
खाताधारक रीना के अनुसार वह लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रही हैं, लेकिन अभी तक रुपये वापस नहीं मिले हैं। राजेश का भी कहना है कि उनकी जमा पूंजी फंसी हुई है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
पीड़ितों का कहना है कि अब वे एलडीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे। उपप्रबंधक कुलदीप सिंह मीणा ने बताया कि पीड़ितों को रकम दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।