एक साल में पूरा नहीं हुआ टीकाकरण का लक्ष्य
शामली। कोरोना से बचाव के लिए एक साल पहले टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। जिले की स्थिति देखें तो एक साल में टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। अब तक 18 साल से अधिक आयु वर्ग के लगभग 83 प्रतिशत लोगों को टीकाकरण हुआ है। दूसरी डोज इससे लगभग आधे लोगों को लग पाई है।
पिछले साल 16 जनवरी 2020 को कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान पूरे देश में एक साथ शुरू हुआ था। उस दिन जिले में मात्र तीन केंद्र जिला अस्पताल, सीएचसी कैराना और सीएचसी कुड़ाना पर टीकाकरण हुआ था। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए थे। पहले दिन 300 के लक्ष्य के सापेक्ष 240 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीके की पहली डोज लगवाई थी। तब से लगातार टीकाकरण चल रहा है, लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। स्वास्थ्य विभाग ने 18 साल से अधिक आयु के 93,8154 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य तय किया है। शनिवार तक की स्थिति देखे तो इस आयु वर्ग के 78,6033 लोगों को यानी 83.89 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लगी है। दूसरी डोज 44,4084 लोगों को लगी है, जो पहली डोज की संख्या का 47.3 प्रतिशत है। इससे साफ है कि अभी दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या पहली डोज लगवाने वालों से लगभग आधी है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल का कहना है कि शत प्रतिशत टीकाकरण कराने के लिए लोगों को जागरूक करने समेत सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन जनवरी से किशोरों को शुरू हुआ टीकाकरण
शामली। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए तीन जनवरी से 15 से 18 साल के किशोरों को कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान का नया चरण शुरू हुआ। जिले में 95,970 किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिसमेें शनिवार तक 25,240 किशोरों को टीके की पहली डोज लग चुकी है, जो लक्ष्य का 26.30 प्रतिशत है। इसके अलावा 10 जनवरी से सतर्कता डोज लगाने का चरण शुरू हुआ, जिसमें अब तक 1366 लोगों ने सतर्कता डोज लगवाई है।
जागरुकता के लिए अधिकारियों को दी जिम्मेदारी
शामली। जिले में टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अलावा कृषि, ग्राम पंचायत, शिक्षा विभाग, नगर निकाय समेत कई विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को उन क्षेत्रों में भेजा जा रहा है, जहां टीकाकरण कम हुआ है। वहां पर अधिकारी टीकाकरण की व्यवस्थाओं के साथ लोगों को जागरूक करेंगे। डोर-टू-डोर जाकर टीकाकरण भी कराया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण हो सके। सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. एम लोकेश भी अधिकारियों की बैठक लेकर टीकाकरण बढ़ाने के निर्देश दे चुके हैं।