शामली। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जिला स्तरीय कोर्स कोर्डिनेटर डॉ. अजय बाबू शर्मा ने कहा कि विज्ञान का प्रयोग विनाश और विभीषिका के लिए नहीं है। इसका उपयोग जीवन को अच्छा बनाने के लिए किया जाना चाहिए।
रविवार को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना के रसायन विज्ञान के विभागाध्यक्ष एवं कोर्स कोर्डिनेटर डॉ. अजय बाबू शर्मा ने समसामयिक विषय और सामान्य विज्ञान में परमाणु शक्ति और नाभिकीय युद्ध विषय पर ऑनलाइन व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं को विज्ञान के सार्थक उपयोग और नाभिकीय युद्ध की विभीषिका के प्रति संवेदनशील होने के लिए जागरूक किया। उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में नाभिकीय हथियारों के उपयोग की संभावना के मद्देनजर युवाओं को परमाणु शक्ति के सार्थक संदोहन, पूर्व में हुए नाभिकीय युद्धों की विभीषिका, नाभिकीय हथियारों के विकास के इतिहास की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि विज्ञान का उपयोग विनाश के लिए नहीं किया जाना चाहिए। इसका उपयोग जीवन को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सात जनवरी से चल रही ऑनलाइन कोचिंग में जिले के 108 युवा जुड़े हैं, जो यूपीपीसीएस, सिविल सर्विसेज, सीडीएस, एनडीए व जेईई आदि की तैयारी कर रहे हैं। इस योजना में जनपद के कई कॉलेजों के विषय विशेषज्ञ युवाओं को विभिन्न विषयों पर परीक्षा उपयोगी व्यख्यान निर्धारित समय सारणी के अनुसार देते हैं।