मजहर अली शाह की दरगाह पर शुरू हुआ उर्स
जलालाबाद। मजहर अली शाह की दरगाह पर 251वें सालाना उर्स में सूफियाना महफिल सजी। दूर-दूर से आईं कव्वाल पार्टियों ने कलाम पेश कर बुजुर्गों के नक्शे कदम पर चलने की अपील की। बड़ी संख्या में जायरीनों ने चादर चढ़ाकर मन्नत मांगीं।
सबसे पहले साजिद हुसैन, राशिद हुसैन, नानौता सहारनपुर ने चादर चढ़ाकर शमा रोशन की। उसके बाद तीन दिनी सालाना उर्स की शुरूआत सूफियाना अंदाज में कलाम के साथ हुई। दूरदराज से आईं कव्वाल पार्टियों ने कव्वालियां पेश कर पूरी रात समां बांधे रखा। पीर साहब के सज्जादा नसीम इकबाल हुसैन पीर साहब ने सभी कव्वाल पार्टियों को साफा बांधकर दस्तारबंदी की। सप्पो एंड पार्टी थानाभवन, शमशाद कव्वाल, नौशाद एंड पार्टी मुजफ्फरनगर, असलम बज्मी दिल्ली, असलम शबरी देवबंद आदि के साथ कल्लू पार्टी जलालाबाद आदि की कव्वालियां खूब पसंद की गईं। उर्स में मोहम्मद रजा हुसैन, इकबाल पीर, शमीम हुसैन, आसिफ हसन, भिक्का मलिक हुसैन, राशिद हुसैन, शाहिद हुसैन, आसिफ मियां आदि का सहयोग रहा। उर्स में सहारनपुर, देवबंद, थाना भवन, मुजफ्फरनगर, दिल्ली, गाजियाबाद के जायरीनों ने पहुंच कर हिस्सा लिया। इकबाल पीर ने देश में अमनोअमान की दुआ कराई।