कैराना में आपरेशन के बाद गर्भवती महिला की मौत पर हास्पिटल के बाहर हंगामा करते परिजन
- फोटो : SHAMLI
डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर हंगामा
कैराना (शामली)। पानीपत-खटीमा हाईवे पर डिलीवरी के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ देर में ही मौत हो गई। जिस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। जिसके बाद हॉस्पिटल के चिकित्सक और स्टाफ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
सोमवार को मोहल्ला दरबार खुर्द तीतरवाड़ा चुंगी निवासी विश्राम सिंह, उसकी पत्नी सियादेवी ने मोहल्ले वालों के साथ पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक हॉस्पिटल में पहुंचकर हंगामा किया। विश्राम सिंह ने बताया कि उसकी 25 वर्षीय बेटी प्रीति की शादी कानपुर देहात में सात साल पहले हुई थी। उसके पहले दो बच्चे हैं तथा अब भी वह गर्भवती थी। उसकी बेटी की तीसरी डिलीवरी होनी थी। रविवार शाम करीब 6.30 बजे वह अपनी बेटी को डिलीवरी के लिए यहां लेकर आए थे। पहले डॉक्टरों ने नॉर्मल डिलीवरी कराने की बात कही। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि बड़ा ऑपरेशन किया जाएगा। रात में ही डॉक्टरों ने उसकी बेटी का ऑपरेशन किया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद भी उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया। सुबह करीब तीन बजे उसकी हालत खराब होने पर हॉस्पिटल स्टाफ ने उसे दूसरे हॉस्पिटल में ले जाने को कहा। उनकी बेटी को ब्लीडिंग हो रही थी। जिसके बाद वह बेटी को पानीपत ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच करने कर इलाज करने से मना कर दिया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे परिजन व मोहल्ले वासियों ने हॉस्पिटल पर पहुंचकर हंगामा किया। हंगामा होता देख हॉस्पिटल के डॉक्टर व अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में परिजन महिला के शव को उसकी ससुराल कानपुर के लिए लेकर रवाना हो गए। मामले में सीएमओ संजय अग्रवाल का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। कोई शिकायत आती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।