झिंझाना। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान का ढोल पीटने वाली गैर भाजपाई पार्टियां उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में प्रयोग करती आई है। जबकि मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ने समाज के हर वर्ग उत्थान का और मान-सम्मान हुआ है।
ऊन रोड स्थित एक मैरिज होम में आयोजित अनुसूचित मोर्चा के जिला सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बेबी रानी मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबके साथ सबका विकास के मंत्र पर निरंतर कार्य कर रही है। मोदी सरकार ने संविधान निर्माता डा. आंबेडकर के संविधान और उनके विचारधारा को आगे बढ़ा कर अनुसूचित जाति, पिछड़े, गरीब, किसान, मजदूर के उत्थान का काम किया। उन्हें रहने के लिए छत दी, शौचालय बनवाए, गरीबों को मुफ्त राशन दिया, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत बहुत सारी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। प्रदेश में गुंडाराज समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि हर वर्ग के गरीब बच्चों के पढ़ने के लिए भाजपा सरकारों ने खास व्यवस्था की है। भाजपा का सपना गरीबों के उत्थान के लिए उनको शिक्षा और रोजगार देना है। इससे पूर्व सम्मेलन में पहुंचे सभी मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, जिला महामंत्री विवेक प्रेमी, आशा सौदाई, बावरिया समाज के पातीराम, हरजीत सिंह, झिंझाना चेयरमैन नौशाद कुरैशी, रूबी चौधरी, बादल गौतम आदि मौजूद रहे।