यूपी टीईटी पेपर लीक प्रकरण : कांधला पर लगी एसटीएफ की नजर
शामली। यूपी टीईटी पेपर लीक प्रकरण में एसटीएफ की नजर कांधला क्षेत्र पर लगी है। इसकी वजह ये है इस क्षेत्र के रहने वाले दो आरोपियों की एसटीएफ को तलाश है। एसटीएफ आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पिछले महीने 28 नवंबर को यूपी टीईटी पेपर लीक करने के आरोप में मनीष निवासी झाल, धर्मेंद्र निवासी बुटराड़ी और रवि पंवार निवासी गांव नाला को गिरफ्तार किया था। जबकि अजय उर्फ बबलू निवासी गांव नाला को मौके से फरार होना बताया गया था। इस केस की जांच एसटीएफ कर रही है। एसटीएफ ने बाद में अलीगढ़ निवासी गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया था। पेपर लीक प्रकरण के एक आरोपी निर्दोष चौधरी निवासी गोंडा अलीगढ़ ने सोमवार को कैराना कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इस तरह से इस केस में अब तक पांच आरोपी जेल जा चुके हैं। गांव नाला निवासी अजय उर्फ बबलू को अभी तक एसटीएफ गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एसटीएफ के मुताबिक निर्दोष ने पांच लाख रुपये में कांधला निवासी विकास को पांच लाख रुपये में पेपर की फोटो कॉपी बेची थी। इस प्रकरण में अब एसटीएफ को कांधला क्षेत्र निवासी दो आरोपियों की तलाश है। एसटीएफ का फोकस अब कांधला क्षेत्र पर बना हुआ है। एसटीएफ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
अस्पताल के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर
शामली। कैराना थाना क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी अंकित पुत्र ने अस्पताल प्रबंधन न चिकित्सकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किया है। आरोप लगाया कि शामली में गुरुद्वारे के पास स्थित नर्सिंग होम में उसकी पत्नी शैली की डिलीवरी के दौरान लापरवाही बरती गई। उसकी आंत फट गई। जिससे उसकी जान पर बन आई। दिल्ली के अस्पताल में इलाज होने के बाद उसकी पत्नी की किसी तरह जान बची। चिकित्सकों की लापरवाही की वजह से उसे व उसके परिवार को आर्थिक और मानसिक कष्ट झेलना पड़ा। उसने आदर्श मंडी थाने में इस संबंध में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।