शामली जिले में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को 25 लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें महिला और बच्चे भी शामिल हैं। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सभी संक्रमितों के रैंडम सैंपल लिए गए थे। सभी की आरटीपीसीआर जांच में पुष्टि हुई है।
जिले में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 25 केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। शामली के मोहल्ला शांतिनगर माजरा रोड पर 51 वर्षीय व्यक्ति व 25 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। पटेल नगर में 17 वर्षीय किशोर, जलालाबाद में 12 वर्षीय किशोरी, बड़ी माता मंदिर मार्ग पर 24 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। मंडी गांधी गंज में 66 वर्षीय वृद्ध, 67 वर्षीय महिला, 14 वर्षीय किशोर व 14 वर्षीय किशोरी कोरोना संक्रमित मिली। फुगाना निवासी 25 वर्षीय युवक, रेलवे कालोनी में 36 वर्षीय महिला, गांव महावतपुर में 46 वर्षीय व्यक्ति, ऊन में एक कॉलेज में पढ़ने वाली 17 वर्षीय किशोरी, शामली में एक स्कूल में पढ़ने वाली 12वर्षीय दो किशोरी व 10 वर्षीय किशोरी कोरोना संक्रमित मिली है।
शामली के इस स्कूल का विवेक विहार निवासी 11 वर्षीय बालक दो दिन पहले संक्रमित मिला था। स्वास्थ्य विभाग ने इस स्कूल में बच्चों के सैंपल लिए थे। थानाभवन में 13 वर्षीय, एलम में 18 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला। गांव मखमूलपुर में 20 वर्षीय युवक, गांव तलवा माजरा में 28 वर्षीय युवक, गांव डूंगर में 70 वर्षीय वृद्ध, कोरोना संक्रमित पाया गया।
यह भी पढ़ें: खास तस्वीरें: ...जब उद्घाटन से पहले वर्कआउट करने लगे पीएम मोदी, खूब वायरल हो रहा वीडियो
इसके अलावा जिला बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति, सहारनपुर निवासी 16 वर्षीय किशोरी और चार साल की बच्ची भी कोरोना संक्रमित मिली। इनके सैंपल शामली में लिए गए थे।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें: विपक्ष पर खूब गरजे, निशाने पर रहे अखिलेश, पढ़िए ऐतिहासिक रैली का हर प्वाइंट
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि जिले में 25 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। सभी के रेंडम सैंपल लिए गए थे। सभी संक्रमितों को पूर्व में कोई लक्षण नहीं था। सभी को घर पर ही होम क्वारंटीन में रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने लोगों से कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सभी जरूरी एहतियात बरतें।