जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष का बंद पड़ा गेट। संवाद
- फोटो : 1
शामली। जिला अस्पताल में दो दिन से अल्ट्रासाउंड जांच बंद होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जांच न होने से मरीज निराश होकर अस्पताल से लौटने को मजबूर रहे।
जिला अस्पताल में शासन से रेडियोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है। मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नियुक्त रेडियोलॉजिस्ट डॉ. भुजबीर व डॉ. विनीत कौशिक को सप्ताह में तीन-तीन दिन के लिए जिला अस्पताल शामली में संबद्ध किया गया है।
बृहस्पतिवार, शुक्रवार व शनिवार को डॉ. विनीत कौशिक को आना था लेकिन वह दो दिन से अस्पताल नहीं आए तो मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भटक रहे हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज अखौरी ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नियुक्त रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर जाने के कारण वहां के सीएमएस ने डॉ. विनीत कौशिक को वहीं पर जांच कराने के लिए रोक लिया था। शनिवार को रेडियोलॉजिस्ट के आने की उम्मीद है।
बोले मरीज
शामली निवासी अंजू ने बताया कि उन्हें पेट में दर्द की समस्या रहती है। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के लिए लिखा है लेकिन अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हुई।
कैराना निवासी सरफराज ने बताया कि उसके पेट में सूजन की समस्या होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच कराने की सलाह दी। जांच कराने आए थे पर यहां अल्ट्रासाउंड कक्ष में कोई नहीं मिला।