शामली के झिंझाना में होंडा सिटी कार में पेट्रोल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए भाग रहे दो युवकों पुलिस ने दबोच लिया। इनमें एक पूर्व आईएएस का बेटा बताया जा रहा है, इनके पास से तीन एयर पिस्टल बरामद हुई है। समझौता होने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
सफेद रंग की होंडा सिटी कार में सवार दोनों रविवार शाम करीब छह बजे ऊन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से 3000 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद बिना पैसे दिए ही शामली की ओर भाग निकले। पेट्रोल पंप कर्मियों की शिकायत पर इंस्पेक्टर ने बस स्टैंड के पास ही उन्हें कार सहित पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा : पांच बड़े खेल उत्पादकों को किया आमंत्रित, दो जनवरी को पीएम देखेंगे मेरठ के बल्ले
इसी दौरान गाड़ी चला रहे युवक ने अपने पिता को पूर्व आईएएस और मुख्यमंत्री का पूर्व सचिव बताते हुए पुलिस कर्मियों को देख लेने की धमकी भी दी। पुलिसकर्मी दोनों युवकों को गाड़ी सहित थाने ले आए। तलाशी में उनके पास से तीन एयर पिस्टल भी मिले हैं।
इंस्पेक्टर श्यामवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के नाम अभिषेक और अंकित बताए गए हैं। जो ग्रेटर नोएडा के रहने वाले हैं। अंकित रिटायर्ड आईएएस अधिकारी का बेटा बताया गया है। इस संबंध में कोई मुकदमा नहीं लिखा गया है। दोनों पक्षों का समझौता हो गया है।