कोरोना से सफाईकर्मी सहित दो की मौत
शामली। कोरोना संक्रमित नगरपालिका के सफाईकर्मी और एक महिला की मौत हो गई। जिले में कैराना सीएचसी के चिकित्साधीक्षक सहित 13 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पूर्व में संक्रमित मिले 39 व्यक्ति ठीक हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 208 हो गई है।
मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति नगरपालिका शामली में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। करीब एक माह पहले वे कोरोना संक्रमित हो गए थे। पहले उन्हें झिंझाना कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले उन्हें सहारनपुर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार दोपहर शामली में कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके अलावा नई बस्ती मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला का मेरठ मेडिकल में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। उधर, जिले में कोरोना पॉजिटिव के 13 नए केस मिले हैं। कैराना सीएचसी के चिकित्साधीक्षक एंटीजन किट से जांच में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा शहर के अटल विहारी मोहल्ले में छह वर्षीय बालक समेत दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले। आर्यपुरी बनत में 28 वर्षीय युवक, बाबरी में एक परिवार में पांच साल की बालिका, 32 वर्षीय महिला और 31 वर्षीय युवक कोरेेना संक्रमित मिले। जैन स्ट्रीट शामली में 55 वर्षीय महिला व 60 वर्षीय व्यक्ति, कमला कालोनी में 7 साल की बालिका, गगन विहार में 31 व 23 वर्षीय दो युवक, दयानंद नगर में 27 वर्षीय महिला और सैनिक विहार में 55 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शनिवार को कोरोना से दो मौत हुई है। जिले में कोरोना पॉजिटिव के 13 नए केस मिले हैं जबकि 39 व्यक्ति ठीक हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 208 हो गई है।
पीड़ित परिवार को 50 लाख की सहायता दिलाने की मांग
शामली। स्वायत शासन कर्मचारी महासंघ यूनिट नगरपालिका शामली के अध्यक्ष नरेश महरोलिया और सचिव आजम खां ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के नाम पालिका के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक आदेश सैनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि पालिका के स्थायी सफाई कर्मचारी का कोरोना से निधन हो गया है। सफाईकर्मी की ड्यूटी शहर के जैन मोहल्ला में थी, ड्यूटी के दौरान ही वे कोरोना संक्रमण की चपेट में आए थे। उन्होंने मृतक आश्रित परिवार को 50 लाख रुपये और उनकी पत्नी को उनके स्थान पर नगर पालिका में नौकरी दिलाने की मांग की।
68 लोगों के सैंपल लिए
कैराना। शनिवार को स्वास्थ्य टीम ने सीएचसी पर लोगों और सीएचसी स्टाफ के कोरोना की जांच के लिए 68 सैंपल लिए। इनमें एंटीजन किट से 47 लोगों की जांच हुई। इसमें चिकित्साधीक्षक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा आरटी पीसीआर किट से 21 सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। सेंपलिंग नोडल अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि 68 लोगों के सैंपल लिए गए।