शामली कोतवाली पुलिस द्वारा पकडे कछओ के तस्कर
- फोटो : SHAMLI
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने कछुओं की तस्करी के आरोप में सहारनपुर निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से प्रतिबंधित इंडियन रूफ टर्टल प्रजाति के आठ कछुए बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध वन जीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बुधवार सुबह को शहर कोतवाली पुलिस को गश्त चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दो लोग कछुओं की तस्करी करते हैं और थोड़ी देर में दिल्ली बस स्टैंड शामली में आने वाले हैं। इस सूचना पर वन विभाग को सूचना दी गई। वन दरोगा आदित्य शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से डिब्बे में रखे गए प्रतिबंधित आठ कछुए बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपी सगे भाई राशिद और शाकिर निवासी आजाद कालोनी गली नंबर चार सहारनपुर हैं। उनसे बरामद कछुए इंडियन रूफ टर्टल प्रजाति के बताए गए हैं। पूछताछ में बताया कि कछुओं को सहारनपुर कचहरी के पास से सस्ते दामों पर कछुआ खरीदकर दिल्ली ले जाते हैं और वहां ऊंची कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। आरोपियों के विरुद्ध वन जीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि कछुओं की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कछुओं की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे मेें जानकारी जुटाई जा रही है।
शामली कोतवाली पुलिस ने तस्करो से बरामद करे कछूये- फोटो : SHAMLI