29 दिसंबर को व्यापारी करेंगे धरना-प्रदर्शन
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि प्रदेश के व्यापारी 29 दिसंबर को सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन करेंगे। अपनी मांगों के समर्थन में सीएम योगी को संबोधित ज्ञापन डीएम-एसडीएम को सौंपेंगे।
सुभाष चौक स्थित प्रांतीय मुख्यालय पर शुक्रवार को व्यापारियों और मंडल के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 29 दिसंबर को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन होगा। कोरोना से टूट चुके कारोबारियों के लिए सरकार आर्थिक राहत पैकेज जारी नहीं कर रही है। कोरोना काल में मृत व्यापारियों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, जीएसटी परिषद द्वारा एक जनवरी से कपड़ा व जूते तथा स्टेशनरी जैसी आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी कर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को रद्द किया जाए। डीजल-पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाकर बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि सरकार 31 दिसंबर तक व्यापारियों की मांग नहीं मानती है, तो 16 जनवरी को मुरादाबाद में होने वाले प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमान, जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, राजेश सिंघल, नरेंद्र अग्रवाल, रवि संगल, राजीव गर्ग, राजेश जैन, अनिल बंसल, आशु पुरी, गौरव गर्ग मौजूद रहे।