हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मन्नूगढ़ में किसान की दिनदहाड़े हत्या करने के मामले में पुलिस ने रातभर दबिश अभियान चलाया, लेकिन दूसरे दिन भी कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
गांव मन्नूगढ़ निवासी किसान किशन सैनी की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय किसान गांव में मेरठ-करनाल हाईवे पर एक दुकान के बाहर चारपाई पर बैठा था। हमलावरों ने किसान के गले में सटाकर गोली मारी थी। मृतक के पुत्र सोनू की तरफ से सन्नी व दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सन्नी मृतक के सगे भाई जगदीश का पौत्र है। इस मामले में पुलिस ने रात में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस, चौकी पुलिस और एसओजी की तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर केस का खुलासा किया जाएगा।