पुलिस की तीन रैपिड एक्शन टीमों का गठन
शामली। जिले में सर्किल स्तर पर पुलिस की तीन रैपिड एक्शन टीमों का गठन किया गया है। सीएमओ कार्यालय पर टीम में शामिल 14 पुलिसकर्मियों को कोरोना से बचाव का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रदेश के कई जिलों में कोरोना संक्रमित मरीजों द्वारा अभद्रता के मामले सामने आए हैं। इस तरह के मामलों को रोकने के लिए जनपद में शामली, कैराना और थानाभवन सर्किल स्तर पर तीन पुलिस टीम गठित की गई है। प्रत्येक टीम में एक उप निरीक्षक, एक हेडकांस्टेबल और तीन कांस्टेबल की तैनाती की गई है। सोमवार को सीएमओ कार्यालय पर तीनों उपनिरीक्षक समेत सभी 14 पुलिसकर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए प्रशिक्षण दिया गया। सीएमओ डा. संजय भटनागर ने बताया कि पुलिसकर्मियों को कोरोना से बचाव की प्रोटेक्शन किट पहनना, उतारना, सैनिटाइजर लगाना, मास्क पहनना, दूरी बनाकर रखने आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसीएमओ डा. केपी सिंह, डा. सफल कुमार और आइसोलेशन वार्ड के इंचार्ज डा. विजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। रिजर्व पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि सर्किल स्तर पर तीन रैपिड एक्शन टीम गठित की गई है। उन्हें सीएमओ कार्यालय पर प्रशिक्षण दिया गया है।