संवाद न्यूज एजेंसी शामली/ जलालाबाद। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे के निकट स्थित दिव्या पैरामेडिकल अस्पताल में बुधवार को हरियाणा के करनाल और झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा माकर भ्रूण लिंग जांच करते तीन को मौके से ही पकड़ लिया जबकि एक मौके से भाग गया। आरोपी 35 से 40 हजार रुपये में आरोपी भ्रूण लिंग जांच करते थे। शामली के एसीएमओ डॉ. अतुल बंसल ने बताया कि हरियाणा के करनाल, झज्जर की पीसीएनडीटी टीम के नोडल अधिकारी डाॅक्टर संदीप, डाॅक्टर शीनू चौधरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम को सूचना मिल रही थी कि जलालाबाद के दिव्या पैरामेडिकल अस्पताल में भ्रूण लिंग जांच की जा रही है। जांच के लिए अस्पताल के कर्मचारी ने 35 हजार रुपये लिए। टीम ने छापा मारा। मौके से अस्पताल के कर्मचारी शामली के नौ कुआं रोड निवासी अदीब पुत्र रईस, जलालाबाद के मोहल्ला मोहम्मदीगंज के रहने वाले रजनीश पुत्र राजेंद्र और करनाल के अमित को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों के पास से दिए गए 28 हजार रुपये भी बरामद किए गए। बाकी सात हजार रुपये उन्होंने अन्य ग्राहक को दे दिए थे। चंदेनामाल का रहने वाला चौथा कर्मचारी विजय टीम को चकमा देकर मौके से भाग गया। मरीजों की जांच का रिकॉर्ड भी नहीं मिला। अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया है। अस्पताल की सीसीटीवी कैमरो की 15 दिन की सीडीआर ली जा रही है। आरोपियों पर जलालाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।