शामली। जिले में दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोरोना संक्रमण से बेपरवाह लोगों ने कोविड-19 गाइड लाइन का पालन नहीं किया। न तो सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा गया और कुछ लोगों ने तो मास्क भी नहीं लगाया था। भीड़ में लापरवाही के चलते फिर से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना रहा।
जिले में कोरोना संक्रमण कम हुआ है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है। जिले में अभी भी रोजाना 20 के आसपास नए कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में अभी लोगों को पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है, लेकिन लोग कोरोना को लेकर बेपरवाह नजर आने लगे हैं।
शनिवार और रविवार को दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार सुबह जैसे ही बाजार खुलने शुरू हुए तो लोगों की भीड़ भी लगनी शुरू हो गई। दोपहर तक बाजारों में लोगों की भी पूरी भीड़ लग गई और एक दूसरे से सटकर लोग दुकानों पर खड़े रहे।
बाजार में भी यही हाल रहा कि पैदल निकलने का भी रास्ता नहीं था। इनमें कुछ लोगों ने तो मास्क भी नहीं लगाया था तो कुछ ने मास्क नाक, मुंह से नीचे किए हुए था। ऐसा लग रहा था कि जैसे इन लोगों को कोरोना का कोई डर न हो। कोविड गाइड लाइन का पालन न होने और भीड़ में लापरवाही फिर भारी पड़ सकती है।
---
कोट...
जिले में कोरोना संक्रमण कम हुआ है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। लोगों को अभी कोविड-19 गाइड लाइन का पूरी तरह पालन करते हुए सोशल डिस्टेंस और मास्क लगाना जरूरी है। लोगों को भीड़ में जाने से बचना चाहिए। - डॉ. सफल कुमार, सीएमएस जिला अस्पताल।