शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बामनौली में एक रात में दो घरों में नकदी और गहने समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। चोरी की वारदातें होने से ग्रामीणों में दहशत बनी है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
मंगलवार रात गांव बामनौली में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। गांव निवासी विपिन भारद्वाज ने तहरीर में बताया कि रात को उसके भाई राजीव की पत्नी व बेटा घर के अंदर कमरे में सोए हुए थे। रात को एक से दो बजे के बीच चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में घुसकर अलमारी, सेफ आदि को खंगालकर वहां रखे लगभग 30 हजार रुपये, एक किलो वजन चांदी के गहने छह जोड़ी पायजेब, आठ अंगूठी, चोरी के सिक्के दस के अलावा सोने की चेन, दो अंगूठी, एक जोड़ी कान के टॉपस, एक जोड़ी कुंडल और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
इसके अलावा गांव में आलोक शर्मा के यहां भी चोरों ने धावा बोला। आलोक अपनी मम्मी के साथ घर में नीचे की तरफ सोया था। ऊपर के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने सेफ व संदूक के ताले तोड़कर वहां रखी हजारों रुपये की नकदी, गहने समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित परिवारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गांव में पहुंचकर मौका मुआयना कतरे हुए घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।