शामली/गढ़ीपुख्ता। वायरल बुखार के मामले जिले में लगातार बढ़ रहे हैं। ऊन तहसील क्षेत्र के ग्राम जहांगीरपुर पिंडोरा गांव में बुखार से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों से मुताबिक उन्हें बुखार के बाद टायफाइड हो गया था।
जहांगीरपुर पिंडोरा निवासी राहुल ने बताया कि उसके पिता रतन कुमार उम्र 48 पुत्र पालेराम को 20 अगस्त को बुखार हुआ था। जिसके चलते उन्हें शामली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुखार के बाद वह टायफाइड से पीड़ित हो गए थे। 30 अगस्त को चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी थी। दो सितंबर को एक बार फिर से उनकी तबियत बिगड़ गई। जिस पर उन्हें ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी व एक पुत्र और तीन पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुखार से मौत होने पर ग्रामीणों में भी भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान शिमला देवी से डॉक्टरों को बुलाकर जांच करवाने की मांग की है।
जहांगीरपुर पिंडोरा गांव में किसी व्यक्ति की मौत की जानकारी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। बरसात के मौसम में वायरल बुखार व मच्छर जनित बीमारियां होने की संभावना रहती है। इससे बचाव के लिए नगर निकायों और स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। - डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमओ।
10 से 15 फीसदी बुखार और खांसी-जुकाम के मरीज
शामली। जिले के अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। करीब 10 से 15 फीसदी मरीज वायरल बुखार, खांसी-जुकाम के अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन भी सतर्क हो गया है। डीएम जसजीत कौर ने स्थानीय निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और पानी एकत्र न होने देने के निर्देश दिए हैं। कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था कराने को कहा गया है। इसके अलावा सभी क्षेत्रों में एंटी लार्वा व कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश भी सभी निकायों के ईओ को दिए हैं।
बचाव
- गला खराब होने पर गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करें।
- ठंडी खट्टी चीजें न ले और गुनगुना पानी पीएं।
- तरल पदार्थों का सेवन करें, हल्का खाना खाएं।
- खुले, कटे हुए फल और बासी भोजन का सेवन न करें।
- साफ-सफाई रखें और मच्छरों से बचाव करें।
- स्वच्छ जल पीएं, उबालकर पीना बेहतर है।
- बुखार, जुकाम, खांसी जैसे लक्षण होने पर कोरोना की जांच कराएं।
- चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।
शामली सीएचसी में मरिजो की लगी भीड- फोटो : SHAMLI
शामली सीएचसी में पर्ची बनवाने के लिये लगी लाइन- फोटो : SHAMLI