शामली। जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। आरोग्य मेलों में ठंड से पीड़ित नजला, खांसी और बुखार के मरीज ज्यादा आए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की भी जांच कर परामर्श दिया गया।
रविवार को 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में सुबह से ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए थे। ज्यादातर ठंड लगने वाले मरीज रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया। शहर के मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन पीएचसी पर डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। फार्मासिस्ट विकास कौशिक ने बताया कि आरोग्य मेले में 65 मरीज आए। इनमें बुखार के पांच, नजला व खांसी के 15, एलर्जी के आठ, शरीर में दर्द के 10 और अन्य रोगों के मरीज आए। इस दौरान 20 गर्भवती महिलाओं की जांच कर परामर्श दिया गया।
उधर, मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन पीएचसी पर कुल 42 मरीज आए। डॉ. उदित भटनागर ने मरीजोंं की जांच की। फार्मासिस्ट मनु शर्मा ने बताया बुखार के दो, खांसी जुकाम के 15, एलर्जी के सात, गैस तेजाब के छह मरीज और सांस के दो और अन्य मरीज रहें। चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी के मौसम में वायरल संक्रमण का खतरा रहता है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।