शामली में शिवमूर्ति के पास हल्की बरसात में जाती महिला व युवती । संवाद
शामली। मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह मौसम ने अचानक ही पलटी मारी। बूंदाबांदी शुरू हो गई। अधिकतम तापमान 20 जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में हर दिन बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को दोपहर के समय धूप निकलने के बाद मौसम गर्म था, जिसके कारण लोग गर्मी भी महसूस कर रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह अचानक ही मौसम में बदलाव आ गया। बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद तक बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटे के तापमान की यदि बात करें तो अधिकतम तापमान में 3 जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के ग्रामीण कृषि सेवा के नोडल अधिकारी प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि जिले में शुक्रवार को हल्की, मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डाॅ. संदीप चौधरी का कहना है कि मौसम पिछले कई दिन से लगातार बदल रहा है। इस बार गर्माहट जैसा मौसम बनने से इसका सीधा असर गेहूं की फसल पर पड़ रहा है। फसल की बढ़वार रुक गई है और दाना पतला व कमजोर होने की भी आशंका है। बूंदाबांदी से फसल को नुकसान नहीं होगा। यदि ओले पड़ते हैं तो अधिक नुकसान हो सकता है। यदि मौसम गर्म रहता है तो हल्की सिंचाई भी की जा सकती है।