शामली। थानाभवन कस्बे में कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों की हालत बिगड़ने की सूचना मिली, तो जिला प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। एसडीएम शामली बृजेश कुमार सिंह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की तो दुकानदारों ने विरोध किया। दुकान बंद कर धरने पर बैठ गए।
थानाभवन कस्बे के मोहल्ला हाफिज दोस्त, सरस्वती विहार समेत कई क्षेत्रों में शनिवार रात कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों की तबियत बिगड़ गई थी। यह सूचना रविवार सुबह होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिस पर प्रशासन भी हरकत में आ गया। डीएम जसजीत कौर ने एसडीएम शामली बृजेश कुमार सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आदेश दिया। खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। एसडीएम खाद्य विभाग की टीम के साथ बीमार लोगों के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इसके बाद थानाभवन आजाद मार्ग पर सतीश कुमार, पवन कुमार किरयाना की परचून की दुकान पर पहुंचे। यहां से सभी पीड़ितों ने कुट्टू का आटा खरीदा था। यहां से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुट्टू का आटा, सरसों का तेल व कई अन्य खाद्य सामग्री का सैंपल लेकर सील बंद कर जांच के लिए भेजा।
इसके बाद टीम ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग पर स्थित मनीराम की दुकान से भी सामक के चावल का सैंपल लिया। कई दुकानों पर टीम ने सैंपल लेकर कार्रवाई शुरू की। इसी बीच कार्रवाई के व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न किया गया तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों के विरोध के हंगामे के चलते टीम वापस लौट गई।
कई लोगों की हालत बिगड़ी तो मची अफरातफरी
कुट्टू का आटा खाने के बाद मोहल्ला हाफिज दोस्त में कई लोगों की हालत बिगड़ने से आसपास के लोगों में भी अफरातफरी मच गई। पीड़ितों को आनन-फानन अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुट्टू खाने से जिनकी तबीयत खराब हुई, उनमेें आठ महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरूष शामिल हैं। जहां चिकित्सकों ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग के चलते ऐसा हुआ है। उपचार मिलने के बाद पीड़ितों की हालत में सुधार हुआ तो परिजनों ने राहत की सांस ली।
वर्जन...........
कस्बे में कुट्टू का आटा खाने से कुछ लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी। जिनका उपचार कराया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने किरयाना स्टोर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।- बृजेश सिंह, एसडीएम शामली।
कुट्टू का आटा खाने से फूड प्वॉइजनिंग के कारण कुछ लोगों की तबीयत खराब हो गई थी। यह सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को लोगों का उपचार का आदेश दिया गया है। सभी लोगों की हालत अब ठीक है। - जसजीत कौर, डीएम।
कुछ लोगों की तबीयत खराब हो गई थी, उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है बाकी निगरानी की जा रही है।-डॉ. विक्रम कुमार, सरकारी चिकित्सक।