शामली। बीडीसी सोनू हत्याकांड में नामजदगी को फर्जी बताते हुए रविवार को बाबरी में होने वाली महापंचायत फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
आयोजकों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने चार दिन का समय मांगा है। यदि निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो आंदोलन होगा। शुक्रवार को बाबरी में जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू के आवास पर पंचायत हुई थी, जिसमें 11 लोगों की कमेटी बनाकर 28 फरवरी को महापंचायत करने का ऐलान किया गया था।
लोगों का कहना था कि बीडीसी सोनू की हत्या के मामले में जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू और शेर सिंह राणा सहित पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। हत्या से उक्त आरोपियों का कोई वास्ता नहीं है, उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत नामजद किया है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। उधर, सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने भी आला अधिकारियों से बातचीत की।