मस्जिद में घुसा पहाड़ा, नहीं पहुंची वन विभाग की टीम
बाबरी। क्षेत्र के गांव बुटराड़ा में बुधवार दोपहर करीब दो बजे जंगल से कुत्तों के हमले में घायल एक पहाड़ा मस्जिद में घुस गया। मस्जिद में दौड़ते हुए पहाड़ा ने शीशे तोड़ डाले। इसी बीच मौजूद कुछ नमाजियों ने शोर मचा दिया।
बाबरी पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। बाबरी थाने से पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने घायलावस्था में ही बिना उपचार कराए पहाड़ा को ग्रामीणों की सहायता से जंगल में छोड़ दिया। जंगल में आवारा कुत्तों ने फिर से पहाड़ा को दौड़ा लिया। पहाड़ा कुत्तों से बचने के लिए फिर गांव बुटराड़ा में घुस गया। गांव स्थित तालाब में गिर कर दलदल में फंस गया। ग्रामीण वन विभाग के कर्मचारियों को फोन लगाते रहे, लेकिन चार घंटे बाद तक भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। बाबरी थाना प्रभारी ने बताया सूचना पर पुलिस भेजी गई थी पहाड़ा दोबारा से आकर तालाब में गिर गया है जिसकी सूचना वन विभाग को दी गई है।