शामली। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन यूनिट पर अव्यवस्थाओं और मरीजों की जांच में देरी को लेकर तीन दिन पहले हुए हंगामा करने के मामले में डीएम रविंद्र सिंह के निर्देश पर पूरे स्टाफ पर गाज गिर गई। दो रेडियोग्राफर, दो स्टाफ नर्स और एक सहायक को डीएम के आदेश पर हटाया गया है।
जिला अस्पताल में पीपीपी मोड पर चल रही सीटी स्कैन यूनिट पर शनिवार को जांच में देरी करने और किसी परिचित का पहले सीटी स्कैन किए जाने का आरोप लगाते हुए मरीजों ने हंगामा किया था। इस मामले में डीएम रविंद्र सिंह ने सोमवार को जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा को तलब कर उनसे मामले की जानकारी ली और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीएमएस ने बताया कि मंगलवार को यूनिट पर तैनात दो रेडियोग्राफर, दो स्टाफ नर्स और एक सहायक को हटा दिया गया है।
यूनिट में लगवाया जाएगा बोर्ड
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला अस्पताल में सीटी स्कैन पूरी तरह से निशुल्क होता है। यूनिट में जगह-जगह बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसमें लिखवाया जाएगा कि सिटी स्कैन के बदले किसी भी को रुपये नहीं दें। कोई लेता है तो इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से करें, तुरंत कार्रवाई होगी।