शामली। मोहल्ला काजीवाड़ा बकाया बिल पर कनेक्शन काटने गई विद्युत टीम का लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला संभाला। लोगों ने कहा कि बिल जमा किया जा चुका है। जिस पर पुलिस और विद्युत अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर जमा बिल की रसीद दिखाने की बात कही।
काजीवाड़ा निवासी एक महिला पर विद्युत निगम का बकाया बिल है। रविवार को टीम चेकिंग करने पहुंची और बकाया बिल होने के चलते ताहिरा का कनेक्शन विच्छेद करने लगी। इस पर लोगों ने वहां पर विद्युत टीम का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया और टीम को घेर लिया। इस बात की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। जिसके बाद कोतवाली प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे।
लोगों ने बताया कि बिल जमा करने के लिए किसी व्यक्ति को पैसे दिए गए है, अभी तक रसीद नहीं आई है। काफी देर तक क्षेत्र के लोग आैर टीम के सदस्य एक दूसरे से उलझते रहे। काफी देर बाद पुलिस और विद्युत निगम के अफसरों ने कहा कि यदि बिल जमा किया गया है तो तीन दिन के भीतर जमा बिल की रसीद दिखाई जाए। इसके बाद ही बिल का भुगतान माना जाएगा।