शामली। धीमानपुरा रेलवे फाटक पर रविवार सुबह मुजफ्फरनगर से आए डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बैरियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी ट्रेन से बड़ा हादसा नहीं हुआ। बैरियर क्षतिग्रस्त होने से फाटक पर जंजीर डालकर ही कई ट्रेनों को निकलवाया गया। इसके चलते हरिद्वार पैसेंजर चार घंटे लेट रही और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार सुबह करीब नौ बजे यह हादसा हुआ। घटना के बाद वाहन चालक डीसीएम सहित फरार हो गया। हादसे से मचे हड़कंप के बाद रेलवे की टीम ने बैरियर पर जंजीर डालकर ट्रेनों को निकलवाया ताकि कोई दुर्घटना न हो। दिल्ली से शामली होकर सहारनपुुर जाने वाली 51910 पैसेंजर सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली जाने वाली 51909 पैसेंजर, 74021 लाल पैैसेंजर, हरिद्वार से शामली होकर दिल्ली जाने वाली 54476 पैंसेंजर के अलावा 74024 लाल पैसेंजर को ऐसे ही गुजारा गया।
रेलवेे के सिग्नल इंजीनियर सचिन कश्यप ने बताया कि सुबह नौ बजे धीमानपुरा रेलवे फाटक के बैरियर पर टक्कर मार कर डीसीएम फरार हो गया है। बैरियर क्षतिग्रस्त होने की सूचना शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी- आरपीएफ को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि धीमानपुरा रेलवे फाटक दुरुस्त करने का काम सुबह से शुरू हो गया था। रात आठ बजे तक फाटक दुुरुस्त करा लिया जाएगा।