कैराना। दो दिन पूर्व बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के चलते दभेड़ी खुर्द में घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले के दौरान घायलों में से एक व्यक्ति की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर अन्य घायलों की भी हालत अभी तक गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव दभेडी खुर्द में शनिवार शाम जाबिर की दूसरे पक्ष से बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला किसी तरह शांत हो गया था। इसके बाद रात्रि में ही कई हमलावर हाथों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर जाबिर के घर में घुस आये। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला करके जाबिर व उसके पिता नत्थू, राशिद, बुंदी व असरा को घायल कर दिया था।
बाद में घायलों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया था। जिसके बाद पुलिस ने सभी घायलों को कैराना सरकारी अस्पताल में भेज दिया था। जहां से गंभीर हालत के चलते सभी घायलों को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया था। गंभीर रूप से घायल जाबिर को पहले मेरठ तथा वहां से दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में रेेफर कर दिया था।
दभेडी खुर्द के ग्राम प्रधान चौधरी मुंशाद अली चौहान ने बताया कि सोमवार सांय 4 बजे जाबिर (40) की दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि उन्हें जाबिर की मौत की जानकारी नहीं है।