कैराना (शामली)। पांच दिन पहले कोर्ट मैरिज कर लाई गई नई नवेली दुल्हन घर से नकदी और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को गांव अलीपुर निवासी अनिल कोतवाली पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि 15 मार्च को उसने हरिद्वार के काशीपुर निवासी युवती से कोर्ट मैरिज की थी। वह उसको अपने गांव लेकर आ गया था। 16 मार्च की रात युवती ने चाय में पूरे परिवार को नशीला पदार्थ दे दिया। जिसके बाद पूरा परिवार बेहोश हो गया।
अगले दिन सुबह जब उनकी आंख खुली, तो देखा तो युवती गायब थी। घर में रखी 20 हजार रुपये और चांदी के जेवरात भी नहीं मिले। परिजनों ने युवती को काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसकी के आधार कार्रवाई की जाएगी।