संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। थानाक्षेत्र के कस्बा एलम में पूर्व सैनिक महिपाल सिंह के घर में घुसकर चोरों ने तीन लाख रुपये नकद और करीब दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना का पता सुबह चलने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बा एलम के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी पूर्व सैनिक बृहस्पतिवार की रात अपने घर में परिवार के साथ सोया हुआ था। पूर्व सैनिक ने बताया कि एक कमरे में उसका पुत्र व पुत्रवधू और पौत्र मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे।
नीचे एक कमरे में वह और दूसरे कमरे में पत्नी और एक अन्य कमरे में उसका भांजा सो रहा था। देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुसे। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी, संदूक आदि के आठ ताले तोड़कर घर में अलग-अलग जगह रखें तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
करीब 26 तोला वजन चांदी की चार जोड़ी पाजेब, चार जोड़ी चांदी की चुटकी, सोने के 10 तोला वजन के गले के दो सेट, दस ग्राम वजन की दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र लॉकेट, मोबाइल चार्जर, दो पीठ बैग आदि सामान चोरी कर लिया। पीड़ित के मुताबिक चोरों ने घटना के समय दो कमरों की कुंडी और उसके कमरे के दरवाजे कपड़े से बंधे हुए थे। घटना की जानकारी मिलने पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पूर्व सैनिक ने थाने पर घटना की तहरीर दी।