बाबरी। गांव चुनसा निवासी हाईस्कूल के छात्र को लेकर परिजन, ग्रामीण थाने और हंगामा करने लगे। उन्होंने एक शिक्षक पर छात्र से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
बताया कि शुक्रवार को फरीद अपने दो अन्य साथियों के साथ कुरमाली इंटर कालेज में जा रहा था। गांव कुरमाली के पहुंचने पर एक शिक्षक ने रास्ते में कार रोककर नाम पूछा व कालेज में जाने पर उसे पीटा। जिससे उसके कान में असहनीय दर्द होने लगा। परिजन उसको शामली निजी अस्पताल में लेकर गए। चिकित्सक ने कान का पर्दा फटना बता दिया। शनिवार सुबह ग्रामीण और परिजन बाबरी थानाध्यक्ष से मिले। उन्होंने अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया।
थाना प्रभारी ने शिक्षकों को भी थाने बुलाया। प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह, प्रदीप मलिक, नीरज कुमार, जियाउल हक, नितेश कुमार, कंवरपाल सिंह, गंगा सागर, हरभजन सिंह आदि थाने पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने उनसे पूछताछ की। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और परिजनों ने कार्रवाई से मना कर दिया। मौके सुमित, सोहिल, विनय, अंकित, मनीष, अरुण, उपेश आदि मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि शिक्षक ने बाइक पर चार बैठने को लेकर छात्र को डांटा था। परिजनों व अध्यापकों के बीच मामला सहमति के साथ निपट गया है।