शामली कोहरे में गुजरती वृद्घ महिला व युवक।
- फोटो : SHAMLI
आज से निकलेगी धूप, बढ़ेगा सर्दी का सितम
शामली। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने पर तीन दिन से हो रही बारिश सोमवार को थम गई। सुबह आकाश में कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर में थोड़ी देर के लिए धूप निकली। इससे भी ठंड से लोगों को राहत नहीं मिली है। दिन में 6 किमी प्रति घंटे गति से बर्फीली हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बरकरार रही। सोमवार को दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से मौसम साफ रहने की संभावना है।
पिछले तीन सप्ताह से कड़ाकेदार सर्दी का मौसम चला आ रहा है। तीन दिन पूर्व सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ सोमवार को कमजोर पड़ गया। तीन दिन की बारिश थमने के बाद सोमवार को सुबह हलका कोहरा छाया रहा। कोहरा खत्म होने के बाद पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के नोडल अधिकारी डॉ. उदय प्रताप शाही के मुताबिक मंगलवार से मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड अभी तीन से चार दिन तेज रहेगी।